Mussoorie Dehradun Development Authority: अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज, 3 साइट सील – Bebaaq Khabar

Mussoorie Dehradun Development Authority: अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज, 3 साइट सील

देहरादून:- मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश और देहरादून में बिना स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के किए जा रहे तीन निर्माण कार्यों को सील कर दिया। एमडीडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्राधिकरण के मुताबिक संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाने के बाद निर्माण स्थलों को सील किया गया है।

ऋषिकेश में रेलवे रोड पर व्यावसायिक निर्माण सील

एमडीडीए की टीम ने ऋषिकेश में रेलवे स्टेशन के पास पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे रेलवे रोड क्षेत्र में चल रहे निर्माण का निरीक्षण किया। यहां व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए निर्माण किया जा रहा था। जांच के दौरान निर्माण के लिए स्वीकृत मानचित्र और प्राधिकरण की अनुमति नहीं मिलने पर मामले में नियमानुसार वाद दायर किया गया। इसके बाद एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित निर्माण स्थल को सील कर दिया।

माजरा में भी दो निर्माण पर कार्रवाई

देहरादून के माजरा क्षेत्र में भी प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। यहां मुस्कान होटल के पीछे बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य किया जा रहा था। निरीक्षण के बाद एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल को सील कर दिया।

माजरा क्षेत्र में ही एक अन्य निर्माण स्थल भी प्राधिकरण की कार्रवाई की जद में आया। यहां भी बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किए जाने की जानकारी सामने आई। जांच के बाद एमडीडीए ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इस निर्माण स्थल को भी सील कर दिया।

अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी

एमडीडीए की ओर से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में बिना स्वीकृति और निर्धारित नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का कहना है कि निर्माण से पहले स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति लेना जरूरी है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *