हरविंदर रिंदा गिरोह के तीन गुर्गे गिरफ्तार, एनआईए ने पंजाब में की कार्रवाई – Bebaaq Khabar

हरविंदर रिंदा गिरोह के तीन गुर्गे गिरफ्तार, एनआईए ने पंजाब में की कार्रवाई

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में दहशत फैलाने की तैयारी कर रहे आतंकी हरविंदर रिंदा गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान युगप्रीत उर्फ युवी निहंग निवासी काजियां मोहल्ला, हरजोत सिंह उर्फ जोत हंडल निवासी दुगला मोहल्ला और जसकरण सिंह शाह निवासी अगोत्यां मोहल्ला, थाना राहों, जिला एसबीएस नगर के रूप में हुई है।

एनआईए ने तीनों आरोपियों को स्पेशल कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। इनके खिलाफ पंजाब और दिल्ली में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हरजोत सिंह उर्फ जोत हंडल पर 2021 में कपूरथला जिले के सुभानपुर थाने में हत्या सहित अन्य मामले दर्ज हैं। जसकरण सिंह शाह को नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस पर 2022 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एनआईए को सूचना मिली थी कि ये बदमाश लंबे समय से अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। हालांकि, एनआईए ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि उनकी गिरफ्तारी किस मामले के तहत की गई है।