CM धामी के निर्देश पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा, MDDA ने रायपुर में कराया पौधारोपण – Bebaaq Khabar

CM धामी के निर्देश पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा, MDDA ने रायपुर में कराया पौधारोपण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की ओर से शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर स्थित आर्मी फायरिंग रेंज में फलदार और जड़ी-बूटी वाले पौधों का रोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाने की पहल की गई। पौधारोपण कार्यक्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने भी हिस्सा लिया और पौधे लगाए। प्राधिकरण का जोर केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

एमडीडीए के अनुसार, पौधों की सुरक्षा और अगले दो वर्षों तक उनके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी तय की गई है। रोपण क्षेत्र के आसपास लोहे की वायरिंग भी कराई गई है, ताकि पौधों को नुकसान से बचाया जा सके और उनका प्रभावी संरक्षण सुनिश्चित हो। तेजी से विस्तार कर रहे देहरादून शहर में विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से शहर में हरित क्षेत्रों के संरक्षण के साथ-साथ नए हरित क्षेत्र विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। एमडीडीए का लक्ष्य है कि शहरी विकास को पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित करते हुए देहरादून को अधिक हरित और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर शहर बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *