जम्मू में पाकिस्तानी ड्रोन हमलों के बाद सक्रिय हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला – Bebaaq Khabar

जम्मू में पाकिस्तानी ड्रोन हमलों के बाद सक्रिय हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शुक्रवार सुबह जम्मू पहुंचे हैं। कल रात जम्मू शहर और संभाग के अन्य हिस्सों में पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा किए गए असफल हमलों के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए उमर अब्दुल्ला जम्मू पहुंचे हैं। वहीं रात में भारी गोलाबारी के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा उरी सेक्टर का दौरा करेंगे। उपराज्यपाल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। कल रात जम्मू शहर और संभाग के अन्य हिस्सों में पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा किए गए असफल हमलों के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री जम्मू जा रहे हैं।

भारत के ऑपरेशन सिंदूर और लाहौर में पड़ोसी मुल्क के एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह करने के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने गुरुवार (वीरवार) रात आठ बजे जम्मू संभाग के जम्मू, सांबा, आरएसपुरा और अरनिया सहित कई इलाकों में आत्मघाती ड्रोन और मिसाइलों से असफल हमला किया। भारत के एयर डिफेंस सिस्टम (एस-400) ने दुश्मन की आठ मिसाइलों और कई ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। हमले के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में भी भारी गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। रात आठ बजे जम्मू शहर धमाकों से गूंजने लगा। धमाकों के साथ ही पूरे शहर की बिजली बंद कर दी गई। बाजारों में खरीदारी करने निकले लोग भी सुरक्षित जगहों की ओर लौटने लगे। मिसाइलों का मलबा लपटों के साथ गिरते दिखा।