स्वाति नेगी ने उठाया अपने खिलाफ वीडियो का मामला, SSP ऑफिस के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन – Bebaaq Khabar

स्वाति नेगी ने उठाया अपने खिलाफ वीडियो का मामला, SSP ऑफिस के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन

देहरादून:- सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के बाहर धरना दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने और आपत्तिजनक पोस्ट हटवाने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने का लगाया आरोप

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक फेसबुक अकाउंट के जरिए लगातार पार्टी के नेताओं की राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाली पोस्ट प्रकाशित की जा रही हैं। उनका कहना है कि कथित तौर पर गलत मंशा से तैयार की गई कूटरचित पोस्ट के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस की प्रदेश सचिव स्वाति नेगी ने पुलिस पर कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट किए जाने पर उसे हटाने की कार्रवाई तेजी से होती है, जबकि भाजपा से जुड़े लोगों की ओर से कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होती।

पहले भी शिकायतें देने का दावा

स्वाति नेगी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित दुष्प्रचार को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल पहले ही लिखित शिकायत पुलिस को दे चुके हैं। उनके मुताबिक, इसके बावजूद अब तक संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी अपने खिलाफ कथित दुष्प्रचार को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। कांग्रेस का दावा है कि इन शिकायतों के बावजूद संबंधित अकाउंट के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं की गई।

स्वाति नेगी ने अपने खिलाफ वीडियो का भी उठाया मामला

कांग्रेस प्रदेश सचिव स्वाति नेगी ने आरोप लगाया कि 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम के दौरान उनके खिलाफ भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। उन्होंने इसे अपने चरित्र को नुकसान पहुंचाने का प्रयास बताया। स्वाति के अनुसार, इस मामले में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को लिखित शिकायत भी दी थी। उनका आरोप है कि कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाकर लगातार अनर्गल और आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट की जा रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

कार्रवाई नहीं हुई तो BJP का झंडा लगाने की चेतावनी

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कथित पक्षपात का आरोप लगाते हुए चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और आपत्तिजनक पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे SSP कार्यालय के बाहर लगे बोर्ड को हटाकर वहां भाजपा का झंडा लगाने का कदम उठाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने और आपत्तिजनक सोशल मीडिया सामग्री को हटवाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *