UP Weather Update: बस्ती सबसे गर्म तो हरदोई सबसे ठंडा, 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से लेकर मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित 6 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 9.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 62 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित 5.7 मिलीमीटर के सापेक्ष 6.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जो सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक है।
इन 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शनिवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
ललितपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में ललितपुर जिले में सबसे अधिक 49.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद जालौन में 34, झांसी में 26, महोबा में 25, सुल्तानपुर में 24, हमीरपुर में 19, अयोध्या में 18, इटावा में 15, फिरोजाबाद में 11 और लखनऊ में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
लखनऊ में शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, बीच-बीच में आसमान साफ होने के साथ धूप भी निकल सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बस्ती रहा सबसे गर्म, हरदोई में सबसे कम तापमान
शुक्रवार को बस्ती उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं हरदोई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा।
6 से 8 सितंबर के बीच फिर बढ़ सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक, उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 48 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के उत्तर-मध्य हिस्से के ऊपर लगभग स्थिर रहने की संभावना है। इसके चलते फिलहाल भारी बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम प्रणाली के दिशा बदलने के अनुमान के बीच 6 से 8 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद सिस्टम का प्रभाव कमजोर पड़ने के साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में प्रभावी कमी आने का अनुमान है।



