आईपीएल 2025 में आज दिल्ली और लखनऊ के बीच होगा मुकाबला, मैच वाईएसआर स्टेडियम में – Bebaaq Khabar

आईपीएल 2025 में आज दिल्ली और लखनऊ के बीच होगा मुकाबला, मैच वाईएसआर स्टेडियम में

आईपीएल 2025 में आज दिल्ली कैपिटल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। यह मैच विशाखापत्तनम के वाईएसआर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच पर सभी फैंस की नजरें होंगी क्योंकि दोनों ही टीमों के दो पूर्व कप्तान अपनी पुरानी टीम के सामने होंगे। लखनऊ के मौजूदा कप्तान ऋषभ पंत जहां पिछले सीजन तक दिल्ली के कप्तान थे, वहीं केएल राहुल पिछले सीजन तक लखनऊ के कप्तान थे और फिलहाल दिल्ली की टीम में हैं। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होगा। इतना ही नहीं, दिल्ली के मौजूदा कप्तान अक्षर पटेल ने लखनऊ के खिलाफ मैच को लेकर अपना गेमप्लान भी बताया है।

लखनऊ ने पिछले दो साल में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद राहुल को जमकर लताड़ लगाई थी। टीम के मालिक संजीव गोयनका को राहुल के साथ बीच मैदान बहस करते देखा गया था। इसके बाद से ही राहुल के इस टीम के साथ रुकने को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, मेगा नीलामी से पहले राहुल को रिलीज कर दिया और फिर दिल्ली ने उन्हें खरीद लिया। वहीं, पंत को लखनऊ ने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा। पंत और दिल्ली के बीच भी अनबन की बात सामने आई थी। हालांकि, इस बात का खुलासा नहीं हो सका कि मामला क्या था।

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान अक्षर पटेल चाहते हैं कि उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब जीतने के अपने प्रयास में चीजों को सरल रखे। अक्षर ने सोमवार को यहां लखनऊ के खिलाफ अपने पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘जब मुझे कप्तान घोषित किया गया तो मैं इस काम को लेकर आश्वस्त था। मैं 2019 से दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहा हूं, मैं इस फ्रेंचाइजी में एक क्रिकेटर के रूप में विकसित हो रहा हूं। मुझे यह जिम्मेदारी मिलने पर गर्व है।’